Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देश पर संचालित ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत जनपद पौड़ी पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल नेतृत्व में व्यापक स्तर पर सत्यापन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य अवैध रूप से निवास कर रहे व्यक्तियों फर्जी दस्तावेज धारकों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। इसी क्रम में 16 अप्रैल 2026 को कोतवाली और अभिसूचना इकाई लक्ष्मणझूला की संयुक्त टीम द्वारा रामझूला क्षेत्र में सघन सत्यापन और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में दी गई जानकारी संदिग्ध और विरोधाभासी प्रतीत होने पर उससे गहराई से पूछताछ की गई। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना वास्तविक नाम सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू उम्र 39 वर्ष निवासी बैसड़ी मधुखाली फरीदपुर बांग्लादेश बताया। जांच में यह सामने आया कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में अवैध रूप से रह रहा था और अपनी पहचान छुपाने के लिए सत्यनिष्ठ आर्य नाम से भारतीय आधार कार्ड बनवा रखा था। पुलिस टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच में उसके कब्जे से बांग्लादेशी पासपोर्ट जिसकी वैधता वर्ष 2018 में समाप्त हो चुकी थी भारतीय पते पर बना आधार कार्ड मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किए गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह एक दिन पूर्व ही लक्ष्मणझूला आया था और इससे पहले बंगाल दिल्ली गाजियाबाद सहित अन्य स्थानों पर निवास कर रहा था। फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारत में अवैध रूप से रहने और पहचान छुपाने के गंभीर मामले में पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध कोतवाली लक्ष्मणझूला में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले में पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों द्वारा गहन जांच की जा रही है तथा अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त सनीउर रहमान उर्फ सत्यसाधू पुत्र सैदुर रहमान निवासी बैसड़ी मधुखाली फरीदपुर बांग्लादेश है जो वर्तमान में सत्यम एन्क्लेव जीवी रोड गाजियाबाद में रह रहा था। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल उपनिरीक्षक हेमकांत सेमवाल आरक्षी शूरवीर सिंह होमगार्ड सूरजभानू उपनिरीक्षक अभिसूचना सौरभ राठी मुख्य आरक्षी नरेन्द्र कोठियाल और मुख्य आरक्षी राकेश सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp