प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित सुचारु और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक लॉ एंड ऑर्डर सुनील कुमार मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के साथ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख पड़ावों पुलिस चौकियों पंजीकरण केंद्रों और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन यातायात नियंत्रण और यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। बद्रीनाथ मार्ग पर निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए गए साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखने को कहा गया। मुनि की रेती क्षेत्र के भ्रमण के दौरान पुलिस व्यवस्था की समीक्षा करते हुए तैनात पुलिस कर्मियों को उच्च मानकों के अनुसार कार्य करने यात्रियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखने और आपदा प्रबंधन के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यातायात पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय स्थापित करने तथा व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था और प्रतिष्ठा से जुड़ी है इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव कराएं।
