प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। तहसील रुड़की परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण और पेंटिंग कार्यों का लोकार्पण परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया। इस अवसर पर बालिकाओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा पहल का भी शुभारंभ किया गया। परिवहन मंत्री ने कहा कि तहसील में आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण मिले इसके लिए परिसर में सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं। फुटपाथ को व्यवस्थित किया गया है और वॉल पेंटिंग के माध्यम से परिसर को आकर्षक बनाया गया है जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि सरकारी संपत्तियों और फुटपाथ पर अतिक्रमण रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। तहसील परिसर में सौंदर्यीकरण के साथ मुख्य द्वार पर वॉल पेंटिंग कराई गई है। उन्होंने बताया कि बालिकाओं विशेषकर सरकारी विद्यालयों की छात्राओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए कंप्यूटर शिक्षा की शुरुआत की गई है। तहसील परिसर में स्थापित कंप्यूटर कक्ष में छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुड़की की प्रथम बैच की 15 छात्राओं को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इन छात्राओं का चयन विद्यालय स्तर पर आयोजित परीक्षा के माध्यम से किया गया है और उन्हें कंप्यूटर शिक्षा में दक्ष बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने तहसील रुड़की में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का भी शुभारंभ किया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की स्थिति में सूचना तुरंत संबंधित विभागों तक पहुंचाई जाए ताकि राहत और बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें। तहसील परिसर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए और अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता के साथ करें। साथ ही परिसर में साफ-सफाई बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मौके पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ तहसीलदार और अपर तहसीलदार रुड़की सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
