Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्र में साधु की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर आरोपी नेपाली युवक को गिरफ्तार कर लिया। घटना 21 अप्रैल 2026 की है जब एक व्यक्ति ने चौकी रोडीबेलवाला पहुंचकर सूचना दी कि दीनदयाल पार्किंग के अंडरपास के ऊपर दोनों हाईवे के बीच पीपल के पेड़ के पास रहने वाले एक बाबा के साथ मारपीट की गई है और उसके सिर पर डंडे और पत्थर से गंभीर चोट पहुंचाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची जहां करीब 40 से 45 वर्ष के अज्ञात बाबा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। घायल को तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवाकर उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई। मृतक की पहचान न होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया और फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने डिजिटल और मैनुअल तरीकों से जांच करते हुए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों से जानकारी मिली कि संदिग्ध व्यक्ति गंगा सभा की अस्थायी पार्किंग की ओर जाता देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर तलाश की जहां एक पेड़ के नीचे सो रहे व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक थापा निवासी नेपाल बताया और अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका मृतक के साथ सोने को लेकर विवाद हुआ था और वह बदला लेने की योजना बना रहा था। घटना की रात नशे की हालत में वह पुल के नीचे पहुंचा जहां फिर विवाद हुआ। गुस्से में उसने पहले बांस के डंडे से हमला किया और डंडा टूटने पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। आरोपी दीपक थापा पुत्र रामबहादुर थापा निवासी ग्राम पुरकोट तमगास अंचल लुम्बिनी नेपाल उम्र 43 वर्ष को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास भी लगातार कर रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा गोपाल दत्त भट्ट नवीन नेगी सतीश नोटियाल सतेंद्र कुमार और अजीत तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp