Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बीआरओ गेस्ट हाउस पहुंचे जहां उन्होंने बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माण कार्यों की प्रगति तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी योगेश मनराल ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति उपलब्धियों और तय समयसीमा के अनुसार स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मास्टर प्लान के तहत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने यात्री सुविधाओं के विस्तार आवागमन सुधार और आधुनिक सुविधाओं के विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतीकरण के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भव्य दिव्य और आधुनिक स्वरूप में किया जा रहा है जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो।साथ ही परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धाम में विकसित की जा रही सभी व्यवस्थाओं में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुविधा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। आवागमन आवास स्वच्छता पेयजल पार्किंग सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसका समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान धाम की धार्मिक आस्था पारंपरिक स्वरूप और प्राकृतिक सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि विकास और विरासत के बीच संतुलन बना रहे। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि किसी भी बाधा या विलंब की स्थिति में तुरंत समाधान किया जा सके। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के प्रयासों और केंद्र सरकार के सहयोग से बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान के सभी कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण होंगे और धाम भविष्य में एक भव्य और विश्वस्तरीय तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp