Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस कार्यालय जनपद टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की अध्यक्षता में पुलिस लाइन चंबा में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के सभी थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की उपस्थिति में पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अपराध नियंत्रण कानून व्यवस्था चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन लंबित विवेचनाओं मादक पदार्थों की रोकथाम साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई तथा जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का गहन विश्लेषण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्मिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पीड़ितों के साथ संवेदनशील व शालीन व्यवहार रखने के लिए कहा। स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की विशेष समीक्षा की गई और यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई, जन जागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। गोष्ठी में शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा स्वजन गणना के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया। सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस कर्मियों को कर्मचारी ऑफ द मंथ के रूप में सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र दिए गए, जिससे उनका मनोबल बढ़ा। गोष्ठी में चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी सुनिश्चित करने अज्ञात शवों की पहचान मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के प्रभावी क्रियान्वयन पोर्टलों पर डेटा अद्यतन रखने फॉरेंसिक टीम की उपस्थिति माल मुकदमों के निस्तारण सीसीटीवी व्यवस्था यातायात नियमों के पालन साइबर अपराधों के समाधान और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्रमोहन सहित जनपद के सभी थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। अंत में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp