Spread the love

प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली लक्सर पुलिस ने सघन चेकिंग के दौरान बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम न मिलने पर हत्या की योजना बनाई जा रही थी। 19 अप्रैल 2026 को प्रवीण कुमार निवासी ग्राम हबीबपुर कुड़ी लक्सर ने पुलिस को शिकायत दी कि अज्ञात मोबाइल नंबर से उससे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही कुछ संदिग्ध लोग कई दिनों से उसके आसपास घूमते दिखाई दे रहे थे। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान रायसी क्षेत्र में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी विकास उर्फ ठाकुर ने बताया कि उसने अपने साथी आशिफ के माध्यम से प्रवीण कुमार से फिरौती की मांग करवाई थी। रकम न मिलने पर तीनों आरोपी मिलकर हत्या की योजना बनाकर क्षेत्र में पहुंचे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास उर्फ ठाकुर निवासी हबीबपुर कुड़ी आशिफ निवासी समीपुर जिला बिजनौर और मुराद अली निवासी हबीबपुर कुड़ी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे चार जिंदा कारतूस दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। आरोपी विकास के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक अजय कुमार हेड कांस्टेबल प्रदीप कनौजिया कांस्टेबल अनिल वर्मा अरविंद और महेंद्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp