Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकासखण्ड थलीसैंण के पीठसैंण (मासौं) में पेशावर कांड के नायक वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की स्मृति में आयोजित राजकीय क्रान्ति दिवस मेला इस वर्ष भी भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित हुआ। मेले में दूरस्थ गांवों से बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति, लोक संस्कृति और उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस दौरान मेले में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके साहस त्याग और बलिदान को नमन किया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए जहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें लाभान्वित भी किया गया। चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण परामर्श और दवा वितरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्रान्ति दिवस मेला ऐतिहासिक विरासत संस्कृति और वीरता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इस प्रकार के शिविर इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की जन्मभूमि है और उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष यह मेला आयोजित किया जाता है। सैनिकों और उनके आश्रितों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है। साथ ही उनके बच्चों को शिक्षा और अन्य पाठ्यक्रमों के लिए भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया गया है और यहां मंच का निर्माण भी हो चुका है। आगामी वर्ष में मैदान में शेड का निर्माण कराया जाएगा। बिनसर महादेव मंदिर का पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा आगे धर्मशाला शौचालय और परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि राज्य के पाठ्यक्रम में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली के जीवन को शामिल किया गया है। उनके गांव में इंटर कॉलेज का निर्माण हो चुका है और निर्धन विद्यार्थियों के लिए सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास स्थापित किया गया है जहां कक्षा 6 से 12 तक के लगभग 100 विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और आवास सुविधा दी जा रही है। चौथान क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त तीन पुलों का निर्माण भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पूरे देश के महान स्वतंत्रता सेनानी हैं और लोगों से अपील की कि मेले में लगाए गए स्टॉलों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
*सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां*
सांस्कृतिक संध्या मेले का मुख्य आकर्षण रही जिसमें लोक गायक दर्शन फर्स्वाण और उनकी टीम ने लोक गीतों और देशभक्ति प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। शैलजा सांस्कृतिक समिति द्वारा भी शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख थलीसैंण सुनीता रावत जिला पंचायत सदस्य अंजली जोशी ज्येष्ठ उप प्रमुख मनवर बिष्ट उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला सैनिक कल्याण अधिकारी करण सिंह रावत जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती खंड विकास अधिकारी टीका राम अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली जन विकास समिति के अध्यक्ष जय सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp