Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा के सुचारु और सुरक्षित संचालन को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार लगातार मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में दोनों अधिकारियों ने बद्रीनाथ धाम से सोनला तक विभिन्न जोन और सेक्टरों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यात्रा मार्ग पर यातायात संचालन सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं को दी जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात सुचारु बना रहे। इसी दौरान कुहेड़ के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद के लिए खुद आगे आए। उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाकर घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाते हुए निकटतम चिकित्सालय भिजवाया। साथ ही पुलिस बल को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात सामान्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर उपचार मिला और मार्ग पर संभावित जाम की स्थिति भी नियंत्रित हो गई। यह कार्रवाई दर्शाती है कि चारधाम यात्रा के दौरान प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए तत्पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp