Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में चारधाम यात्रा को सुगम सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सभी संबंधित विभागों द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। तीर्थ यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ऋषिकुल यात्री पंजीकरण केंद्र में स्वास्थ्य जांच केंद्र स्थापित किया गया है जहां अब तक 4254 तीर्थ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण और स्क्रीनिंग की जा चुकी है ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या से बचा जा सके। जल संस्थान द्वारा यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र में 5 स्टैंड पोस्ट लगाए गए हैं और शौचालयों में पानी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की गई है। नगर निगम द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय स्थापित किए गए हैं जिनमें 10 महिला और 10 पुरुष सीटें शामिल हैं। पंजीकरण केंद्र और शौचालयों की सफाई के लिए 16 सफाई कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है जो लगातार कार्य कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग द्वारा वाहनों की जांच की जा रही है। 25 अप्रैल तक 13744 वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा ढाबों होटलों रेस्टोरेंट और दुकानों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है ताकि यात्रियों को शुद्ध और गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री मिल सके। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं जिससे ओवर रेटिंग की शिकायत न हो। जिलाधिकारी के निर्देशन में स्वच्छता बनाए रखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है जिससे यात्रियों को साफ और स्वच्छ वातावरण मिल सके। चारधाम यात्रा पर आए तीर्थ यात्री भी जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे हैं। मध्य प्रदेश से आई तीर्थ यात्री अनीता दसूरे ने पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाओं और साफ-सफाई को बेहतर बताते हुए संतोष जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp