Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल में ज्ञान भारतम मिशन के अंतर्गत पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद और विकासखंड स्तर पर समितियों के गठन तथा सर्वेक्षण कार्य को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा संचालित इस मिशन का उद्देश्य देश की ज्ञान परंपरा सांस्कृतिक धरोहर और बौद्धिक विरासत से जुड़ी प्राचीन पांडुलिपियों ताड़पत्र और दुर्लभ अभिलेखों का संरक्षण कर उन्हें सुरक्षित रखना है। सर्वेक्षण कार्य के लिए GYAN BHARATAM ऐप के माध्यम से जानकारी एकत्र की जाएगी जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। पांडुलिपियों का सर्वेक्षण संबंधित संग्रहकर्ता की सहमति से किया जाएगा और उनका स्वामित्व भी संग्रहकर्ता के पास ही सुरक्षित रहेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में इस ऐप की जानकारी ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों तक पहुंचाएं। ग्राम स्तर पर नोडल व्यक्तियों का चयन कर उनके माध्यम से पांडुलिपियों की पहचान और सूची तैयार करने को कहा गया। सर्वेक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा प्रत्येक 15 दिन में की जाएगी और नियमित रूप से रिपोर्ट तैयार कर आगे भेजी जाएगी ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। बैठक में डीडीओ मो असलम डीटीडीओ सोबत राणा ईओ टिहरी वासुदेव डंगवाल और सभी खंड विकास अधिकारी भौतिक और वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp