Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण के रूप में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 25 अप्रैल 2026 से शुरू कर दिया गया है जो 24 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह जनगणना प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगे पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को निर्देश दिए कि वे इस राष्ट्रीय कार्य को पूरी जिम्मेदारी पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपन्न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनपद में जनगणना कार्य की निगरानी के लिए सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात कर्मियों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें ताकि निर्धारित समय में कार्य पूर्ण किया जा सके। इस चरण में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकानों का विवरण एकत्र कर रहे हैं। इसके लिए जनपद में 2944 प्रगणक और 478 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इसके लिए मोबाइल एप आधारित प्रणाली और जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है जिससे पारदर्शिता और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों का सहयोग करें और सही तथा पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp