प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सेवा और समर्पण का परिचय दे रही है। इसी क्रम में चौकी केदारनाथ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धाम में अपने परिवार से बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से सकुशल मिलवाया तथा कई श्रद्धालुओं का खोया हुआ सामान भी खोजकर वापस दिलाया। भीड़-भाड़ के कारण कुछ श्रद्धालु जिनमें लाल सिंह चौहान सहित अन्य शामिल थे अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। परिजनों के बिछड़ने से वे काफी परेशान और घबराए हुए थे। सूचना मिलते ही खोया-पाया केंद्र, चौकी श्री केदारनाथ पर तैनात महिला पुलिसकर्मी पायल चौहान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर बैठाया और उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद कड़ी मशक्कत के साथ परिजनों को ढूंढकर श्रद्धालुओं को उनसे मिलवाया गया। अपनों से मिलने पर श्रद्धालुओं की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। इसी दौरान महिला आरक्षी पायल चौहान ने एक श्रद्धालु का खोया हुआ पर्स भी अपने स्तर से ढूंढकर वापस लौटाया।रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अपने परिजनों विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें। किसी भी असुविधा या बिछड़ने की स्थिति में तुरंत मंदिर परिसर स्थित खोया-पाया केंद्र या पुलिस चौकी से संपर्क करें। पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए सदैव तत्पर है।
केदारनाथ धाम में रुद्रप्रयाग पुलिस ने बिछड़े श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाकर पेश की मानवता की मिसाल
