Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद की कानून-व्यवस्था राजस्व कार्यों तथा विभिन्न आपराधिक मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभियोजन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ विभिन्न वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाने तथा शस्त्र अधिनियम आबकारी और कोटपा से संबंधित लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश भी दिए गए। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी द्वारा भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में पॉक्सो अधिनियम के अंतर्गत बढ़ते मामलों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत दर्ज एक प्रकरण के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम आबकारी से जुड़े मामलों और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर भी चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहें और लंबित राजस्व मामलों का जल्द निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी सहित विभिन्न परगनों के उपजिलाधिकारी तहसीलदार नायब तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp