Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दो गंभीर बीमार यात्रियों को हेलीकॉप्टर सेवा के माध्यम से सुरक्षित रेस्क्यू कर उच्च चिकित्सालयों में रेफर किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश निवासी 59 वर्षीय सुनीता बड़ी लिनचोली से घोड़े के माध्यम से केदारनाथ धाम जा रही थीं। इसी दौरान वह अचानक घोड़े से गिर गईं। किसी तरह धाम पहुंचने के बाद उनके बाएं घुटने और पैर में तेज दर्द होने लगा जिससे उन्हें चलने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ लाया गया जहां आर्थोपेडिक सर्जन द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति को देखते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर किया गया। वहीं राजस्थान के कोटा निवासी 47 वर्षीय दीवाकर शर्मा को अचानक सीने में तेज दर्द होने लगा। उन्हें उपचार के लिए माधव चिकित्सालय नारायणकोटी लाया गया जहां जांच में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। एक अन्य घटना में महाराष्ट्र के लातूर निवासी 65 वर्षीय संगीता पाटिल को केदारनाथ धाम में अचानक सांस लेने में दिक्कत और छाती में जकड़न की समस्या हुई। उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ लाया गया जहां जांच में उनका ऑक्सीजन स्तर काफी कम और ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत ऑक्सीजन और आवश्यक दवाएं देकर उपचार शुरू किया जिससे उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ। उपचार के बाद उनका ऑक्सीजन स्तर सामान्य हो गया और वर्तमान में वे स्वस्थ हैं। पूरी कार्रवाई के दौरान प्रशासन स्वास्थ्य विभागआपदा प्रबंधन टीमों और सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला जिसके चलते सभी रेस्क्यू अभियान कम समय में सफलतापूर्वक पूरे किए गए। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो और आपात स्थिति में तुरंत राहत उपलब्ध कराई जाए। इन्हीं निर्देशों के तहत सभी टीमें 24 घंटे सतर्क रहकर कार्य कर रही हैं जिससे केदारनाथ यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भरोसेमंद बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp