प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विकास खंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत बंगोली में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं जिनके समाधान के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। तहसीलदार जखोली कमलेश सिंह किरौला ने बताया कि यह कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देशन और अप्रैल माह के निर्धारित रोस्टर के अनुसार आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति में अनियमितता को लेकर ऑपरेटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस पर जल संस्थान के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ न मिलने की समस्या उठाई। वहीं अन्य ग्रामीणों ने जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत भी दर्ज कराई। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए कृषि एवं वन विभाग को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे जिनमें राजस्व विभाग से अमित सिंह राणा शिक्षा विभाग से कांता प्रसाद स्वास्थ्य विभाग से डॉ.नेहा सजवाण पशुपालन विभाग से जगदीप कुमार ग्राम्य विकास विभाग से प्रवीण सिंह तथा पंचायती राज विभाग से डैनी राणा शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
