Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना घनसाली पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में नामजद दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। 25 अप्रैल 2026 की मध्य रात्रि को थाना घनसाली को स्वास्थ्य केंद्र पिलखी से सूचना प्राप्त हुई कि 22 वर्षीय महिला को उसके पति और ससुर द्वारा मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। महिला का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था जिस कारण नियमानुसार पंचायतनामा की कार्रवाई तहसीलदार घनसाली द्वारा संपादित की गई। इसके बाद पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय टिहरी में कराया गया। घटनास्थल का फील्ड यूनिट द्वारा सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए तथा घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी टिहरी द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अप्रैल 2026 को मुकदमे में नामजद दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। टिहरी पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और न्याय के प्रति प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp