Spread the love

प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना सिडकुल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 51 व्यक्तियों को पकड़ा गया। जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थानों होटल ढाबों और सड़कों के किनारे शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। थाना सिडकुल पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय कुछ लोग नशे में महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए 29 अप्रैल 2026 को थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों शराब की दुकानों और ढाबों के आसपास शराब पीकर हुड़दंग कर रहे 51 व्यक्तियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। सभी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 12,750 रुपये जुर्माना वसूला गया। पकड़े गए सभी लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते या पिलाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिडकुल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp