Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही वर्षा और अतिवृष्टि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय मोड में कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहते हुए लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के संवेदनशील और भूस्खलन संभावित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संभावित खतरे से पहले आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं। वर्षा हिमपात सड़कों की स्थिति आवागमन में बाधा और यात्रियों की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी समय-समय पर जिला आपातकालीन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि त्वरित निर्णय और कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों और वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से रोका जाए जिससे किसी भी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करते हुए बिना देरी के सूचना जिला आपातकालीन केंद्र को भेजी जाए। सभी सेक्टर अधिकारियों को पुलिस एसडीआरएफ डीडीआरएफ वाईएमएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि राहत और बचाव कार्यों में कोई देरी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जा रहे हैं। यात्रा मजिस्ट्रेट जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग और तहसीलदार बसुकेदार को सभी सेक्टर अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp