Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। केदारनाथ धाम यात्रा को सुव्यवस्थित सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत ने विभिन्न यात्रा पड़ावों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने सोनप्रयाग पहुंचकर पार्किंग व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि पार्किंग स्थलों पर आने वाले वाहनों को क्रमबद्ध और व्यवस्थित ढंग से खड़ा किया जाए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पर्याप्त कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने गौरीकुंड में तप्त कुंड का निरीक्षण कर साफ-सफाई सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के उपयोग में आने वाले स्थानों पर स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान घोड़ा पड़ाव में घोड़ा-खच्चर डंडी-कंडी संचालकों से भी बातचीत की गई और व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। उपजिलाधिकारी ने संचालकों को यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp