Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 सुचारु रूप से संचालित हो रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं और उच्च हिमालयी दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद जिला प्रशासन पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें दिन-रात यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में जुटी हुई हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है जिसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात प्रशासनिक और सुरक्षा टीमें यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा स्वास्थ्य सेवाएं पेयजल आवास यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सहायता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। राहत और बचाव टीमें कठिन परिस्थितियों में भी सक्रिय रहकर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को अस्पताल हेलीपैड या सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं। कई अवसरों पर ये टीमें देवदूत बनकर यात्रियों की सहायता कर रही हैं जिससे प्रशासन के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत हो रहा है। इसी क्रम में एसडीआरएफ पोस्ट लिनचोली द्वारा ईमानदारी और तत्परता का सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। 1 मई 2026 को केदारनाथ धाम यात्रा पर आए यात्री सचिन निवासी नई दिल्ली का बैग लिनचोली-केदारनाथ पैदल मार्ग में कहीं गिर गया था जिसमें उनका मोबाइल भी रखा हुआ था। एसडीआरएफ पोस्ट लिनचोली पर तैनात कांस्टेबल आशीष बिष्ट और कांस्टेबल अजय विश्वकर्मा ने गश्त के दौरान उक्त बैग और मोबाइल लावारिस अवस्था में बरामद किया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोबाइल के माध्यम से यात्री से संपर्क स्थापित किया और सत्यापन के बाद उनका सामान सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंप दिया। अपना खोया हुआ सामान सकुशल वापस पाकर यात्री ने एसडीआरएफ टीम और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कार्यप्रणाली की सराहना की। जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान सावधानी बरतें अपने सामान का ध्यान रखें और किसी भी सहायता के लिए नजदीकी पुलिस प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp