Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सड़कों की मरम्मत तेजी से की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा दिन-रात काम कर सड़कों को जल्द ठीक करने की दिशा में कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सीवरेज कार्य के चलते जिन सड़कों को खोदा गया है उनकी मरम्मत हर हाल में समय पर पूरी की जाए ताकि स्थानीय जनता व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इन निर्देशों के अनुपालन में निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज 01 और पैकेज 02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 1 मई को किए गए कार्यों के अनुसार पैकेज 01 में शांति मार्ग पर 11.2 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। वहीं पैकेज 02 के अंतर्गत द्वारका विहार पावर ब्लॉक में 24 मीटर द्वारका विहार सीसी रोड में 31 मीटर और गणपति धाम फेस 3 पावर ब्लॉक में 45 मीटर कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार एक दिन में कुल 111.2 मीटर निर्माण कार्य पूरा किया गया। सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य लगातार दिन-रात तेजी से किया जा रहा है जिससे जल्द ही आवागमन सुचारू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp