Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली के निजमूला घाटी के गौणा-भनाली तोक में आकाशीय बिजली गिरने से भेड़-बकरियों की मृत्यु की हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्परता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की। जिला प्रशासन द्वारा तुरंत राजस्व पशुपालन एवं वन विभाग की संयुक्त टीम को घटनास्थल पर रवाना किया गया ताकि राहत और जांच कार्य समयबद्ध ढंग से किया जा सके। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशों के क्रम में मौके पर पहुंची टीमों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए पशुपालन विभाग के चिकित्सकों द्वारा मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जबकि राजस्व और वन विभाग की टीमों ने घटना की विस्तृत जांच कर नुकसान का आकलन किया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी असीम देब ने जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में अब तक 413 भेड़-बकरियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रतिकूल मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरना ही इस घटना का मुख्य कारण सामने आया है। जिलाधिकारी ने प्रभावित पशुपालकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी ताकि उन्हें इस कठिन परिस्थिति में राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp