Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों को जल्द ठीक करने के लिए निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। चारधाम यात्रा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभागों और ठेकेदारों द्वारा दिन-रात कार्य किया जा रहा है ताकि स्थानीय जनता व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। शहर में सीवरेज कार्य के चलते कई स्थानों पर सड़कों के खोदे जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और जिन सड़कों को खोदा गया है उनका मरम्मत कार्य हर हाल में समय से पूरा किया जाए। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज 01 और पैकेज 02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 3 मई को किए गए कार्यों के तहत पैकेज 01 में अमृत गंगा अपार्टमेंट की सीसी रोड का 8 मीटर निर्माण कार्य पूरा किया गया। वहीं पैकेज 02 के अंतर्गत गुप्ता कॉलोनी में 26 मीटर और गणपतिधाम फेस 3 नगर पावर ब्लॉक में 22 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार एक दिन में कुल 56 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। विभाग द्वारा सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य लगातार दिन-रात किया जा रहा है जिससे जल्द ही शहर की सड़कों को दुरुस्त कर आवागमन को सुचारू बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp