Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी श्रीनगर गढ़वाल। सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न विभागों से संबंधित आधा दर्जन से अधिक शिकायतों को सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के समयबद्ध समाधान के साथ प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने हेतु ई-ऑफिस के अंतर्गत ई-फाइलिंग प्रणाली को अनिवार्य रूप से अपनाने को कहा। साथ ही उन्होंने पूर्व में दर्ज प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों का समयबद्ध पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को की गई कार्यवाही से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए। विगत दिनों में अतिवृष्टि एवं तेज झंझावात के कारण बाधित विद्युत आपूर्ति से प्रभावित पेयजल पम्पिंग पर जिलाधिकारी ने गंभीर संज्ञान लिया। उन्होंने जल संस्थान को पम्पिंग कार्य का विस्तृत लॉग प्रस्तुत करने तथा विद्युत विभाग को सायं तक सभी प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों विभागों को समन्वय बनाकर पेयजल एवं विद्युत जैसी आवश्यक सेवाओं को निर्बाध रूप से संचालित रखने को कहा। जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए न्यू बसअड्डा निवासी मोहित सिंह की पेयजल समस्या पर जल संस्थान के जेई को मौके पर भेजा गया। धौलकंडी बेलकंडी व कोस्याल आदि क्षेत्रों में बंदरों एवं तेंदुए की समस्या को देखते हुए वन विभाग को गश्त बढ़ाने व स्थितिनुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शासन के निर्देशानुसार कार्यों का ऑनलाइन निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से समाज कल्याण चिकित्सा संस्कृति परिवीक्षा एवं पूर्ति विभाग को ई-ऑफिस के प्रभावी संचालन तथा पत्रावलियों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों को ई-फाइलिंग को अपने कार्यव्यवहार का अनिवार्य हिस्सा बनाने को कहा गया। जनपद में प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाले जनता मिलन कार्यक्रम के माध्यम से जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पुण्डारी गगवाड़स्यू निवासी मदन मोहन नैथानी की खेत कटान संबंधी शिकायत का निस्तारण किया गया। ग्राम कण्डारा पैडुलस्यु निवासी अनुबंधित कर्मी ज्ञान सिंह (प्लम्बर) के मानदेय संबंधी प्रकरण का संतोषजनक समाधान किया गया। कोटद्वार रोड निवासी ऊषा नौटियाल की पुस्ता निर्माण संबंधी शिकायत पर एनएच विभाग द्वारा कार्यवाही की गई। अध्यक्ष शिक्षक अभिभावक संघ राजकीय इंटर कॉलेज चमपेश्वर में की शिकायत का त्वरित संज्ञान लेते हुए विद्यालय मे जलापूर्ति सुचारू कर दी गयी। वही कनिष्ठ उप प्रमुख दीपक असवाल की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए कल्जीखाल क्षेत्र में गैस नियमित और सामन गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गयी। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी डीएफओ महातिम यादव मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना डीपीआरओ जितेंद्र कुमार मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल विद्युत अभिनव रावत मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया परियोजना प्रबंधक उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय प्रभारी पुरातत्व अधिकारी अनिरुद्ध बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp