Spread the love

प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 21 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिल्ला बामणगांव की प्रधान लता चंद ने वियनगर-तिमली-तैला मोटर मार्ग की धंसी सड़क के सुधार पुस्ता और पक्की नाली निर्माण की मांग उठाई। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति सुचारू करने और आपदा में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के स्थायी समाधान की मांग भी रखी। लदोली की प्रधान अनीता देवी ने क्षेत्र में पिछले एक माह से रसोई गैस आपूर्ति बाधित होने और निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र का कार्य अधूरा होने की शिकायत दर्ज कराई। जखोली बड़मा के उम्मेद सिंह ने एक आंख से दृष्टिहीन होने के बावजूद पेंशन स्वीकृत न होने की समस्या रखी। फलाटी गांव के सूरत लाल ने बताया कि बीपीएल श्रेणी में होने और बेरोजगार होने के बावजूद उनका राशन कार्ड बंद कर दिया गया है जिससे उन्हें खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। बावई के बृज लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायत की जबकि पाटियूं बसुकेदार की दीपा देवी ने आपदा से क्षतिग्रस्त कृषि भूमि और गौशाला का मुआवजा न मिलने का मुद्दा उठाया। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 132 और एल-2 स्तर पर 21 शिकायतें लंबित हैं जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.राम प्रकाश जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.आशीष रावत लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस जल निगम के नवल कुमार सिंचाई विभाग के खुशवंत सिंह चौहान ग्रामीण निर्माण विभाग की मीनल गुलाटी प्रभारी शिकायत निवारण केंद्र विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp