Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार में चालान के नाम पर भेजे गए फर्जी लिंक के जरिए 1 लाख 20 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुजरात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 12 फरवरी 2026 को कोटद्वार निवासी जीत सिंह ने कोतवाली में शिकायत दी कि उनके मोबाइल पर चालान से संबंधित एक संदेश आया था। संदेश में दिए गए लिंक को डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 1 लाख 20 हजार रुपये कट गए। इस पर कोतवाली कोटद्वार में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने तत्काल कार्रवाई और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के तहत अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से जांच करते हुए आरोपी अभिषेक सोलंकी निवासी अहमदाबाद की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे अहमदाबाद गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी के मोबाइल नंबर से फ्लिपकार्ट एप के माध्यम से पीड़ित के खाते से धनराशि का लेन-देन किया गया था। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा उपनिरीक्षक दीपक अरोड़ा और आरक्षी अमरजीत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp