Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने प्री-पीएचडी परीक्षा परिणाम पहली बार समर्थ पोर्टल के माध्यम से सफलतापूर्वक घोषित कर डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इस उपलब्धि के साथ विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम प्रणाली में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में नया कदम बढ़ाया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस प्रक्रिया को सफल बनाने में दिल्ली स्थित समर्थ पोर्टल टीम का विशेष सहयोग रहा जिसके लिए विश्वविद्यालय ने उनका आभार व्यक्त किया है। विशेष कार्य अधिकारी (परीक्षा) प्रो.आर.एस.फर्त्याल ने बताया कि समर्थ पोर्टल के माध्यम से परिणाम घोषित करने से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि परीक्षा प्रक्रियाएं अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी होंगी। इससे विद्यार्थियों को समय पर और सटीक परिणाम उपलब्ध कराना संभव होगा। परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर गौतमवीर ने कहा कि विश्वविद्यालय आगे भी तकनीकी नवाचारों को अपनाते हुए परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यमों के उपयोग से विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली में दक्षता आएगी और छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp