Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी 23 मई से शुरू होने वाली विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। यात्रा के सफल संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चमोली पुलिस भारतीय सेना और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक पूरे यात्रा मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले पुलना गांव का जायजा लिया गया जहां तक वाहनों की आवाजाही होती है। यहां पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा कर यातायात को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके बाद यात्रा मार्ग पर स्थित भ्यूंडार और घांघरिया पुलिस चौकियों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का आकलन किया गया। शीतकाल में बंद रहने वाली इन चौकियों को यात्रा शुरू होने से पहले पुनः संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसी मार्ग से विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी का रास्ता भी गुजरता है जहां पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुसार व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन किया गया। वर्तमान में अटलाकोटी से श्री हेमकुंड साहिब तक का मार्ग भारी बर्फ से ढका हुआ है। भारतीय सेना के जवान लगातार बर्फ हटाकर रास्ता बनाने में जुटे हैं। पुलिस‌ सेना और गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने बर्फ हटाते हुए श्री हेमकुंड साहिब तक पहुंचकर दरबार साहिब परिसर में व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो। कठिन परिस्थितियों और बर्फबारी के बावजूद प्रशासन और सेना के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां लगातार जारी हैं। इस दौरान गोविंदघाट गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह प्रभारी निरीक्षक गोविंदघाट चित्रगुप्त उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह और सेना के जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp