प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। बहादराबाद ब्लॉक के हजाराग्रांट स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और माताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और माताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही हाथ धोने की सही विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया और बताया गया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने से कई संक्रामक बीमारियों से बचाव संभव है। इस अवसर पर सभी बच्चों को स्वच्छता किट वितरित की गई जिसमें टूथपेस्ट टूथब्रश साबुन नेल कटर और तेल सहित दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल थी ताकि बच्चे स्वच्छता की आदतों को अपने जीवन में अपना सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वच्छता के महत्व और उसके व्यवहारिक उपयोग पर प्रस्तुति दी गई। इस दौरान डॉ बेबी यादव ने बच्चों और माताओं को स्वच्छता के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी और उन्हें स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ममतेश की उपस्थिति रही। ग्राम सभा के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्रों की कार्यकर्त्री रीता चौधरी संगीता देवी और संगीता ने सक्रिय सहभागिता और सहयोग प्रदान किया। ग्राम प्रधान ममतेश ने रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान तथा पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से माताओं और बच्चों को स्वस्थ रहने के तरीकों की जानकारी मिलती है जिससे समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
