प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी कांवड़ यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कुंभ मेला से संबंधित निर्माण कार्यों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने की रणनीति तय की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र में कुंभ से संबंधित जो निर्माण कार्य शीघ्र पूरे किए जा सकते हैं उन्हें 30 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। शेष कार्यों के लिए ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित रहे। उन्होंने घाटों एवं पुलों पर चल रहे कार्यों को तेज गति से पूर्ण करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग को दो माह के भीतर सभी निर्माणाधीन सड़क कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को स्वच्छता व्यवस्था एवं अस्थायी शौचालयों की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। सिंचाई विभाग को पार्किंग व्यवस्था हेतु 31 मई से पूर्व टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने तथा पार्किंग स्थलों पर शौचालय पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान एवं पेयजल निगम को कांवड़ पटरी मार्ग एवं पार्किंग स्थलों पर पेयजल व्यवस्था समय से पूर्ण करने को कहा गया। जिला पंचायत को शौचालय व्यवस्था साफ-सफाई एवं कांवड़ पटरी मार्ग पर झाड़ी कटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को यातायात बाधित करने वाले पेड़ों की लॉपिंग हेतु आवश्यक अनुमति समय पर देने को कहा गया। विद्युत विभाग को कांवड़ मार्गों पर झूलती विद्युत लाइनों को तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए गए। एचआरडीए को शहर एवं कांवड़ पटरी मार्ग पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुचारु रखने को कहा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सड़क किनारे निर्माण सामग्री न रखी जाए जिससे यातायात बाधित न हो। साथ ही सड़कों के गड्ढों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह अपर जिलाधिकारी पी.आर.चौहान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सचिव एचआरडीए मनीष कुमार सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार उप मेलाधिकारी आकाश जोशी अधिशासी अभियंता दीपक कुमार जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
