प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा जनपद के सभी सरकारी अर्धसरकारी और निजी विद्यालयों आंगनबाड़ी केंद्रों तथा व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 89,621 बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने और उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं शारीरिक विकास के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनपदभर में सफलतापूर्वक दवा वितरण कराया गया। उन्होंने जानकारी दी कि जिन बच्चे किसी कारणवश दवा खाने से वंचित रह गए हैं उन्हें 14 मई 2026 को आयोजित मॉप-अप डे के दौरान कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से छूट न सके। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को कृमिनाशक दवा अवश्य दिलवाएं जिससे बच्चों को संक्रमण से बचाया जा सके और उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
