Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी जिला पौड़ी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग घुड़दौड़ी में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में कुल 12 सत्र आयोजित किए गए जिनमें प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं एवं वक्ताओं ने संगठन सरकार की योजनाओं सामाजिक चुनौतियों मीडिया तकनीक और बूथ प्रबंधन जैसे विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। चतुर्थ सत्र में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत मुख्य वक्ता रहे। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुषमा रावत ने की। डॉ.रावत ने अपनी सरकारों की गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार गरीबों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है और संगठन की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा साधारण और गरीब परिवारों से आने वाले लोगों को अवसर दिया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में लगभग 3900 सड़कें बनाई गईं और शिक्षा के अधिकार जैसी योजनाओं से गरीब बच्चों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन भी अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में संभव हो पाया। डॉ.रावत ने बताया कि पौड़ी जिले में लगभग 350 मोबाइल टावर लगाए गए हैं और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जल्द जनता को समर्पित की जाएगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों में सड़क और कनेक्टिविटी बेहतर होने से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पहले सीमित संख्या में आवास उपलब्ध होते थे जबकि अब पौड़ी जिले की तीनों विधानसभाओं में लगभग 6800 लोगों को आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इसके अलावा पात्र परिवारों को शौचालय 29 हजार लोगों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन और लाखों लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क उपचार महालक्ष्मी किट आंगनबाड़ी सुविधाएं कक्षा 12 तक निःशुल्क पुस्तकें और ड्रेस उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर 17 छात्रावास बनाए गए हैं जहां जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा और भोजन दिया जा रहा है। डॉ.रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार नकल विरोधी अध्यादेश लेकर आई है और उनके विभागों में ही 24 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं। सहकारिता विभाग के माध्यम से 17 लाख लोगों को ऋण 22 लाख लोगों को अटल आयुष्मान योजना का लाभ तथा निःशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग के माध्यम से 10 हजार पॉलीहाउस और हजारों होमस्टे संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों महिलाओं को लखपति दीदी योजना से जोड़ा गया है तथा सौर ऊर्जा के माध्यम से लोगों को निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सस्ते गल्ले की दुकानों में डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने रांसी मैदान श्रीनगर स्टेडियम और प्रस्तावित जीएनटीआई मैदान के निर्माण कार्यों का भी उल्लेख किया। पंचम सत्र में विशाल गुप्ता ने कार्य विस्तार विषय पर संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। षष्ठम सत्र में जिले के सह प्रभारी वीरेंद्र सिंह रावत ने देश के समक्ष राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियां विषय पर विचार रखे। द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र में कैबिनेट स्तर के राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने व्यवहारिक प्रशिक्षण भाषण कला संवाद कौशल चुनाव और बूथ प्रबंधन मीडिया प्रबंधन तथा नारी वंदन अधिनियम पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला। आठवें सत्र में प्रदेश ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य ने बूथ प्रबंधन एवं मन की बात विषय पर संगठन की मजबूती और जनसंपर्क को लेकर मार्गदर्शन दिया। नवम सत्र में भाजपा आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक प्रवीण लेखवार ने सोशल मीडिया तकनीक कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रभावी सूचना तंत्र के उपयोग पर जानकारी दी। दशम सत्र में राज्य मंत्री विनोद सुयाल ने मीडिया की वर्तमान भूमिका विषय पर विचार रखे। ग्यारहवें सत्र में उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वर्ग संयोजक रमेश चौहान ने कार्य पद्धति विषय पर संगठनात्मक अनुशासन और कार्य प्रणाली पर मार्गदर्शन दिया। अंतिम सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र गढ़वाली ने विचार परिवार विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के समापन पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत ने सभी अतिथियों वक्ताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं वर्ग संयोजक महिपाल नेगी गणेश भट्ट और प्रहलाद सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp