Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक डॉ.हीरा लाल यादव को एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ.यादव को पंजाब के संगरूर में 9 मई को आयोजित होने वाली सीरीज-5 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए तकनीकी निदेशक नियुक्त किया गया है। डॉ.हीरा लाल यादव एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ब्रॉन्ज स्तर के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक हैं और खेल क्षेत्र में लंबे अनुभव के लिए जाने जाते हैं। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया देशभर में चुनिंदा स्थानों पर सीरीज एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन करता है। इसी क्रम में संगरूर में आयोजित होने वाली इस बड़ी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से 600 से अधिक महिला और पुरुष एथलीट प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी डॉ.यादव को सौंपी गई है। प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए वह अपनी टीम के साथ संगरूर पहुंच चुके हैं। इस संबंध में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ.मुकुल पंत ने बताया कि डॉ.हीरा लाल यादव एथलेटिक्स खेल के बेहद कुशल और अनुभवी निर्णायक हैं। उन्होंने देश की अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि डॉ.यादव को तकनीकी निदेशक जैसी अहम जिम्मेदारी मिलना विभाग और पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व और खुशी की बात है। इससे विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp