Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली में काश्तकारों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड औद्यानिक परिषद की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। परिषद ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के साथ सब्जी विपणन को लेकर अनुबंध किया है जिसके तहत अब स्थानीय काश्तकार अपने खेतों में उगाई गई सब्जियां सीधे आईटीबीपी को बेच सकेंगे। यह पहल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में काश्तकारों की आय बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। इस व्यवस्था के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को सीधा बाजार उपलब्ध कराने और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूर्व में एक अप्रैल को भी स्थानीय काश्तकारों से सब्जी क्रय करने हेतु अनुबंध किया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार को ज्योतिर्मठ क्षेत्र के बड़ागांव स्थित भद्रेश्वर कृषक उत्पादक संगठन द्वारा योजना का संचालन प्रारंभ किया गया। उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने सब्जियों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहली खेप में काश्तकारों द्वारा मटर लहसुन राई धनिया और चुकंदर सहित विभिन्न सब्जियों की आपूर्ति की गई जिससे उन्हें लगभग नौ हजार रुपये की आय प्राप्त हुई। स्थानीय काश्तकारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के लिए बाजारों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सीधे खरीद होने से उनकी आय में सुधार होगा। औद्यानिक परिषद के अनुसार इस अनुबंध से क्षेत्र के कृषक संगठनों को सीधे विपणन व्यवस्था से जोड़ा गया है जिससे सीमांत जनपद के किसानों की आय में निरंतर वृद्धि सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp