Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इसे देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय बताते हुए कहा कि यह पहल उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केदारनाथ धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षित एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन श्रद्धालुओं एवं स्थानीय जनता दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यात्रा को सुरक्षित सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सक पैरामेडिकल स्टाफ स्वास्थ्य जांच केंद्र ऑक्सीजन सुविधा एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ उत्तराखंड समृद्ध उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुधार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं जिनके माध्यम से प्रदेश के लाखों नागरिक निशुल्क उपचार का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। साथ ही प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं बल्कि सेवा और मानवता का प्रतीक भी है और इसी भावना के साथ सरकार लगातार जनसुविधाओं को मजबूत कर रही है। विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि 40 बेड क्षमता वाला यह अस्पताल सेवा समर्पण एवं जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है जो आने वाले समय में लाखों श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। कार्यक्रम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सर कार्यवाह कृष्ण गोपाल अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी उपाध्यक्ष विजय कप्रवान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। साथ ही जिलाधिकारी विशाल मिश्रा पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp