Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्रद्धालुओं से लिया फीडबैक श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने देर रात्रि धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग मंदिर परिसर एवं श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने दर्शन व्यवस्था सुरक्षा साफ सफाई पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा को सुगम व व्यवस्थित बनाए रखने के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने मंदिर परिसर दर्शन लाइन विद्युत व्यवस्था पेयजल आपूर्ति एवं साफ सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा अवधि में सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने केदारनाथ धाम स्थित अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं चिकित्सकीय उपकरणों एवं दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग को सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने अस्पताल की सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं ताकि श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 सुरक्षित सुव्यवस्थित एवं सुखद अनुभव बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp