Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी देहरादून महानगर इकाई द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का शुभारंभ शनिवार को पटेल नगर स्थित होटल ली अमृतम में गरिमामय वातावरण में हुआ। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दक्षता वैचारिक स्पष्टता और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य विकसित भारत निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सक्षम और समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है। प्रशिक्षण वर्ग में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद एवं प्रशिक्षण महाअभियान के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ.अमरपाल मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश राष्ट्र और समाज जीवन के सपनों को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में नई चुनौतियों का सामना करने के लिए मजबूत संगठन और समर्थ कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का व्यापक वैचारिक अभियान है जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है और सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक का योगदान सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने भाजपा की संगठनात्मक कार्यपद्धति वैचारिक आधार अनुशासन सेवा भाव और राष्ट्रहित सर्वोपरि के मूल मंत्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन इसलिए बन पाया है क्योंकि उसके प्रत्येक कार्यकर्ता में राष्ट्रसेवा संगठन के प्रति समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने की भावना है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद‌ को भाजपा की मूल विचारधारा बताते हुए कहा कि पार्टी की राजनीति राष्ट्र और समाज केंद्रित है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा दिए गए एकात्म मानववाद के विचार ने भाजपा को वैचारिक दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं में नई संगठनात्मक ऊर्जा का संचार करने विचारधारा को मजबूत करने और नई तकनीकों को अपनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलने वाली सजीव पार्टी है और प्रशिक्षण वर्ग संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष नरेश बंसल ने सक्षम कुशल और समर्पित कार्यकर्ता निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है बल्कि उसका उद्देश्य मजबूत राष्ट्र और बेहतर समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थ और वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ताओं के बल पर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता संगठनात्मक दक्षता और वैचारिक मजबूती विकसित करना है ताकि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में 12 सत्र आयोजित किए जा रहे हैं जिनमें पार्टी का इतिहास कार्यपद्धति संगठनात्मक विकास मीडिया और सोशल मीडिया प्रबंधन समसामयिक चुनौतियां तथा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय विषयों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी डॉ.अमरपाल मौर्य ने किया।‌ प्रदर्शनी में भाजपा की वैचारिक यात्रा संगठनात्मक विकास राष्ट्रसेवा के संकल्प और डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया। इसमें संगठन के इतिहास सेवा कार्यों और राष्ट्रहित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों को भी दर्शाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महानगर प्रभारी राकेश गिरी महानगर सह प्रभारी संजय गुप्ता विधायक विनोद चमोली विधायक सविता कपूर विधायक उमेश शर्मा काऊ मेयर सौरभ थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp