Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने शनिवार को घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक लेते हुए विभागीय योजनाओं संस्थानों की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की समस्याओं पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में निदेशक पॉलिटेक्निक सहित प्रदेशभर के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे जबकि कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े। बैठक के दौरान तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता संसाधनों के बेहतर उपयोग संस्थानों के आधुनिकीकरण और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में तकनीकी शिक्षा को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संस्थानों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने और युवाओं को बेहतर रोजगारपरक शिक्षा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। मंत्री ने छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल पेयजल भोजन बिजली खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी संस्थानों में ऐसा वातावरण तैयार किया जाए जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने आउटसोर्स कर्मचारी सुरक्षा गार्ड सफाई कर्मचारी और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों से भी संवाद किया। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनकी जायज मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इस अवसर पर कॉलेज की बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (बीओजी) की बैठक भी आयोजित की गई जिसमें संस्थान के विकास भविष्य की योजनाओं और शैक्षणिक विस्तार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में कॉलेज के विकास कार्यों को गति देने और संस्थान को आधुनिक तकनीकी शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के निदेशक वी.के.बंगा उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की कुलपति जिला महामंत्री गणेश भट्ट अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र प्रसाद टम्टा सहित कई जनप्रतिनिधि अधिकारी शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रदेश में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने और संस्थानों को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp