Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह शनिवार को श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर विश्व कल्याण मानवता की समृद्धि और उत्तराखंड के सतत विकास की कामना की। इस दौरान राज्यपाल ने धाम में संचालित पुनर्निर्माण कार्यों और यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। राज्यपाल ने अत्यंत कम समय में बाबा के दर्शन किए जिससे श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। उनके आगमन के दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कहीं नहीं रोका गया और पूरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही। इस व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की सराहना की। धाम भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उनका फीडबैक और सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने यात्रा मार्ग सुरक्षा स्वास्थ्य सेवाओं स्वच्छता और दर्शन व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि बाबा केदार के दर्शन प्राप्त होना अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए पूरे वर्षभर प्रशासन पुलिस स्थानीय लोग स्वयंसेवी संस्थाएं और सेवा से जुड़े लोग लगातार मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं बल्कि सेवा समर्पण और आस्था का अभियान है। प्रत्येक उत्तराखंडी और यात्रा से जुड़े हर व्यक्ति का इसमें महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सभी का दायित्व है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित सहज और आध्यात्मिक यात्रा अनुभव प्राप्त हो। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील करते हुए कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारधाम क्षेत्र की प्राकृतिक और आध्यात्मिक सुंदरता बनाए रखने के लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अनुशासन और संवेदनशीलता धाम की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं। बाबा केदार की यह पावन भूमि स्वच्छता, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है इसलिए सभी का कर्तव्य है कि इसे स्वच्छ और पवित्र बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और संस्थाओं का एक ही उद्देश्य है कि यात्रा सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो। बाबा केदार से संपूर्ण मानवता सनातन संस्कृति और प्रत्येक भारतीय के जीवन में सुख समृद्धि और सौहार्द की कामना की गई है। राज्यपाल ने श्रद्धालुओं से स्थानीय उत्पादों हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार वस्तुओं को खरीदने की अपील की ताकि स्थानीय लोगों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आर्थिकी और सांस्कृतिक पहचान से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से केदारनाथ धाम की दिव्यता भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करने के लिए यात्रा में आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यहां की सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक अनुभूति देवभूमि उत्तराखंड की विशेष पहचान है। राज्यपाल ने केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग में स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इसकी स्वच्छता तथा पवित्रता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान राज्यपाल ने धाम में संचालित पुनर्निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राज्यपाल को धाम में संचालित पुनर्निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि यात्रा व्यवस्थाएं मजबूत बनी रहें। राज्यपाल ने मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहित समाज से भी मुलाकात की जहां पारंपरिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ उनका स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि केदारघाटी का प्रत्येक कण शिवमय है और यहां पहुंचते ही मन आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने जिला प्रशासन मंदिर समिति पुलिस विभाग एसडीआरएफ एनडीआरएफ और अन्य सहयोगी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभाग श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। राज्यपाल ने यात्रा से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों और सेवा दलों से अतिथि देवो भव की भावना के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रा को लगातार सुचारू बनाए रखने का आग्रह किया। इस अवसर पर श्री केदार सभा के महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती विनीत पोस्ती ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला जिलाधिकारी विशाल मिश्रा पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर उप जिलाधिकारी एवं यात्रा मजिस्ट्रेट कृष्णा त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp