Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत रविवार को नेशनल हाईवे स्थित शंकराचार्य चौक पर विशेष अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने किया। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा हेलमेट पहनाकर भविष्य में नियमों का पालन करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न केवल कानूनी आवश्यकता है बल्कि यह जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय हमेशा यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं। हरिद्वार पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन में जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का भी नियमानुसार विनिष्टीकरण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को संदेश दिया कि वाहनों में तेज आवाज वाले रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न करें क्योंकि इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के उपकरणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय द्वारा यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपलब्ध कराई गई सात मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर यातायात व्यवस्था के लिए रवाना किया गया। इन मोटरसाइकिलों के माध्यम से यातायात पुलिस शहर के विभिन्न क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई कर सकेगी तथा जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालेगी। कार्यक्रम में एसपी क्राइम क्षेत्राधिकारी यातायात कंकहल थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp