Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने 32 से अधिक शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्रभारी जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। जनता मिलन के दौरान तहसील घनसाली की पट्टी ढुंगमन्दार स्थित ग्राम स्यूरी खबोगी निवासी कलम सिंह ने बताया कि उनकी पैतृक भूमि पर वह लंबे समय से कास्तकारी कर रहे हैं। उन्होंने अपनी भूमि पर दो कमरे गौशाला बकरवाड़ा कम्पोस्ट पिट फूड गार्डन और एक दुकान का निर्माण कार्य कराया था लेकिन वन विभाग द्वारा निर्माण तोड़े जाने की शिकायत की गई। मामले में एसडीएम घनसाली को निरीक्षण कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। विकासखंड चम्बा के ग्राम डोबरा मल्ला निवासी गंगाधर ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पेयजल लाइन बिछाई गई है और उन्होंने अपने घर में कनेक्शन भी लिया है लेकिन घर तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस पर जल संस्थान को संबंधित व्यक्ति को शीघ्र पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। तहसील जाखणीधार के ग्राम नवाकोट निवासी चण्डी प्रसाद रतूड़ी और प्रभाकर रतूड़ी ने शिकायत की कि उनके निजी खेतों पर सहखातेदार द्वारा सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस पर तहसीलदार जाखणीधार को दो दिन के भीतर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। तहसील घनसाली की पट्टी कोटी फैगूल के ग्राम मोलनौ निवासी दशरथ सिंह ने शिकायत की कि लोक निर्माण विभाग बौराड़ी नई टिहरी द्वारा अधूरी सुरक्षा दीवार और क्रेट वायर लगाए गए हैं जो सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने बताया कि आंगन तक सुरक्षा दीवार पूरी नहीं बनाई गई और रास्ता भी अधूरा छोड़ दिया गया है जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ थत्यूड़ के अध्यक्ष खेमचन्द्र भट्ट ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों पर पैराफिट न होने गड्ढों की समस्या और लंबे समय से मरम्मत न होने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। प्रभारी जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी एसडीएम टिहरी कमलेश आईएएस प्रशिक्षु ज्योति मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय डीडीओ मो.असलम सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp