Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। टिहरी गढ़वाल को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी गढ़वाल पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना मुनिकीरेती पुलिस और एएनटीएफ टिहरी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधा किलो से अधिक अवैध चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल और क्षेत्राधिकारी नई टिहरी के पर्यवेक्षण में 10 मई 2026 को मुनिकीरेती क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 533 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील थापा पुत्र मित्र बहादुर थापा निवासी गुल्मी लुम्बिनी नेपाल हाल निवासी हरियाणा टापू हरिद्वार उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना मुनिकीरेती में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार बीते दो दिनों में चलाए गए अभियान के दौरान 40 लीटर अवैध कच्ची शराब चार पेटी और 55 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 533 ग्राम अवैध चरस बरामद कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।‌ पुलिस टीम में निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला प्रभारी एएनडीटीएफ टिहरी उपनिरीक्षक प्रदीप रावत चौकी प्रभारी ढालवाला थाना मुनिकीरेती हेड कांस्टेबल संदीप कुमार कांस्टेबल नजाकत और कांस्टेबल रविन्द्र नेगी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp