Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। श्री केदारनाथ धाम पैदल मार्ग के जंगलचट्टी क्षेत्र में दो घोड़ा-खच्चर संचालकों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वीडियो में कुछ लोगों के बीच आपसी कहासुनी और मारपीट होती दिखाई दे रही है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो दो घोड़ा-खच्चर संचालकों से जुड़ा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों संचालकों के बीच घोड़ा फिसलने को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस द्वारा मामले की तस्दीक की जा रही है। संबंधित दोनों पक्षों की पहचान कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है लेकिन सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग पर शांति और व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और पुलिस की प्राथमिकता है। सभी घोड़ा-खच्चर संचालकों और यात्रा से जुड़े लोगों से अपील की गई है कि किसी भी विवाद की स्थिति में संयम बनाए रखें और तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp