Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार में आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कार्यों में तेजी लानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेला अधिकारी सोनिका ने मेला नियंत्रण भवन में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।क्षमेला अधिकारी सोनिका ने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विशाल आयोजन है इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही देरी अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान सड़कों पुलों घाटों जलापूर्ति योजनाओं विद्युतीकरण आंतरिक मार्गों एवं चौराहों के सुधार संबंधी स्वीकृत योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। मेला अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि जिन प्रस्तावित कार्यों को वर्षाकाल अथवा अन्य अपरिहार्य कारणों से समय पर पूरा किया जाना संभव नहीं है उन्हें विभाग तत्काल वापस लें ताकि उपलब्ध संसाधनों और ऊर्जा का उपयोग अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में किया जा सके। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को स्वीकृत योजनाओं से संबंधित एमओयू प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेला अधिकारी ने कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कम प्रगति वाले विभागों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक पाई जाएगी उन्हें योजनाओं की दूसरी किश्त समय पर जारी की जाएगी। इसके लिए वित्त नियंत्रक को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। बैठक में बस स्टेशनों के सुदृढ़ीकरण एवं अस्थायी बस अड्डों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मेला अधिकारी ने कहा कि रेलवे एवं बस स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की सुविधा सुरक्षा और स्वच्छता के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। साथ ही कुंभ क्षेत्र के सभी रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों का स्वरूप एक समान एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एचआरडीए के वास्तुविद के माध्यम से मॉडल डिजाइन तैयार कराने को भी कहा। बैठक में अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह वित्त नियंत्रक लखेन्द्र गौंथियाल तकनीकी सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीन कुमार एवं अभिनव नौटियाल पीआईयू परियोजना प्रबंधक प्रवीन कुश लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता दीपक सैनी एचआरडीए की वरिष्ठ वास्तुविद दृष्टि जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp