Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के उपजिलाधिकारियों तहसीलदारों एवं विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए नामित जनपद स्तरीय नोडल अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्यों को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान वर्तमान मतदाता सूची का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग कार्य अनमैप मतदाताओं की सूची तैयार करने तथा निर्वाचन अभिलेखों के सत्यापन संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचते हुए मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जाए। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है इसलिए सभी अधिकारी पूरी पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ कार्यों को संपादित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची से संबंधित सभी सूचनाओं का गहन परीक्षण कर समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं। बैठक में एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी एसडीएम कमलेश आईएएस प्रशिक्षु ज्योति एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी शिवम त्रिपाठी सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा सहित संबंधित नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp