Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा जनगणना कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित कर भवन गणना एवं सूचीकरण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। बैठक में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक संचालित होने वाले भवन गणना एवं सूचीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सभी अधिशासी अधिकारियों एवं तहसीलदारों से क्रमवार उनके क्षेत्रों में संचालित जनगणना कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्देशित किया कि सभी एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजर अपने आवंटित कार्यों का कम से कम 50 प्रतिशत कार्य अनिवार्य रूप से समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें। जिन कार्मिकों को प्रशिक्षण की आवश्यकता है उन्हें तत्काल प्रशिक्षण के लिए भेजा जाए ताकि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूर्ण कर डाटा फ्रीज करने से पूर्व प्रत्येके प्रविष्टि का सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए। साथ ही सुपरवाइजरों को भी समस्त विवरणों की गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि डाटा की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना बेहद आवश्यक है जिससे भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों में सही आंकड़ों का उपयोग किया जा सके। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए तय समय सीमा के भीतर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण की जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्यों में शिथिलता बरतने वाले कार्मिकों के प्रति सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी एसडीएम टिहरी कमलेश आईएएस प्रशिक्षु ज्योति तहसीलदार धीरज सहित सभी चार्ज अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp