Spread the love

प्रदीप कुमार
केदारनाथ-रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा इस वर्ष नए आयाम स्थापित कर रही है। 22 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा अब 22वें दिन में प्रवेश कर चुकी है और अब तक 5 लाख 23 हजार 582 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के शुरुआती चरण से ही श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या धाम पहुंच रही है जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत माहौल बना हुआ है। भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद यात्रा व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु बनी हुई हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और यात्रा संचालन पर नजर बनाए हुए हैं। जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम परिसर तक व्यापक और व्यवस्थित इंतजाम किए गए हैं। पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल भोजन पेयजल स्वास्थ्य सेवाएं और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। वहीं धाम क्षेत्र में स्वच्छता आवास व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन पुलिस स्वास्थ्य विभाग आपदा प्रबंधन टीमों और अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से यात्रा को सुरक्षित सुगम और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। बेहतर व्यवस्थाओं का ही परिणाम है कि देश-विदेश से पहुंच रहे श्रद्धालु जिला प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना कर रहे हैं। पंजाब के रोपड़ से आए श्रद्धालु दिवाकर ने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं बेहद उत्कृष्ट हैं। बाबा केदारनाथ के दर्शन अत्यंत सहजता से हुए और धाम में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीमें हर समय श्रद्धालुओं की सहायता के लिए उपलब्ध हैं। अहमदाबाद से आई माही ने कहा कि धाम पहुंचकर उन्हें बेहद सुखद अनुभव हुआ। यहां की व्यवस्थाएं उनकी अपेक्षाओं से कहीं बेहतर हैं और इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। वहीं अहमदाबाद से आए कुणाल चावला ने कहा कि इतनी ऊंचाई और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिस स्तर की व्यवस्थाएं की गई हैं वह वास्तव में सराहनीय हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp