Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। सचिव राजस्व परिषद रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में एग्रीस्टैक कार्यों की समीक्षा बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ एग्रीस्टैक योजना एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा की गई। जनपद टिहरी गढ़वाल से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद टिहरी गढ़वाल में डिजिटल क्रॉप सर्वे का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसके साथ ही अंश निर्धारण का कार्य जनपद में शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी किसानों से अपील करते हुए कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से यूनिक फार्मर आईडी तैयार की जा रही है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे स्वयं अथवा अपने निकटतम सीएससी सेंटर पर जाकर अपनी यूनिक फार्मर आईडी अवश्य बनवा लें। उन्होंने कहा कि यूनिक फार्मर आईडी बनने से किसानों को किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सकेगा। साथ ही किसानों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी किसान को सीएससी सेंटर स्तर पर किसी प्रकार की असुविधा होती है तो वे सीएससी मैनेजर टिहरी गढ़वाल राजेश लसियाल से मोबाइल नंबर 7217718337 तथा सीएससी राज्य समन्वयक संदीप कुमार से मोबाइल नंबर 9016169336 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में एग्रीस्टैक योजना के कार्यों को तेजी से पूर्ण करने किसानों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक किसानों को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Whatsapp