Spread the love

प्रदीप कुमार
श्रीनगर गढ़वाल। रेनबो पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए छात्र प्रतिनिधि मंडल का गठन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन छात्रों के बीच विशेष उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। विद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रक्रिया का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता जिम्मेदारी अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेड बॉय और हेड गर्ल पद के लिए आयोजित बैलेट शैली का छात्र चुनाव रहा। मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया गया ताकि विद्यार्थियों को लोकतंत्र की वास्तविक भावना का अनुभव कराया जा सके। छात्रों ने पूरे अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया भी विद्यार्थियों की मौजूदगी में संपन्न हुई जिसे लेकर छात्रों में काफी उत्सुकता दिखाई दी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर तालियों और हर्षोल्लास से गूंज उठा। विजयी छात्र प्रतिनिधियों का शिक्षकों और विद्यार्थियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। विद्यालय के छात्र प्रतिनिधि मंडल में आयुष पंवार को हेड बॉय और सृष्टि डंगवाल को हेड गर्ल चुना गया। वहीं नेहा पंवार को रेड हाउस कैप्टन खुशी नेगी को ब्लू हाउस कैप्टन शगुन वर्धन को ग्रीन हाउस कैप्टन और वंशिक बिष्ट को येलो हाउस कैप्टन की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही श्रेया को रेड हाउस वाइस कैप्टन अनामिका को ब्लू हाउस वाइस कैप्टन काव्या को ग्रीन हाउस वाइस कैप्टन और ईशिका को येलो हाउस वाइस कैप्टन चुना गया। विद्यालय द्वारा खेल सांस्कृतिक और अनुशासन से जुड़े विभिन्न विभागों के लिए भी छात्र प्रतिनिधियों का चयन किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्र प्रतिनिधि मंडल विद्यालय और विद्यार्थियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करता है। यह मंच छात्रों को नेतृत्व निर्णय क्षमता टीमवर्क और जिम्मेदारियों को निभाने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करता है। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि चयनित छात्र प्रतिनिधि विद्यालय की गरिमा और अनुशासन को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण लोकतांत्रिक मूल्यों नेतृत्व भावना और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

Whatsapp